मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग के खेल कैलेंडर 2026-27 के क्रियान्वयन के अंतर्गत प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय विज्ञान महाविद्यालय पांढुर्णा में जिला स्तरीय महिला एवं पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के पांढुर्णा, सौसर एवं लोधीखेड़ा के शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों की टीमों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शहनाज खान ने की। उद्घाटन समारोह में डॉ. डी.एस. बिसेन, डॉ. हर्षलता सोनटक्के, डॉ. ललिता धुर्वे, डॉ. एल.एल. राऊत, डॉ. गणेश कुमार तुमडाम, प्रो. पंजाब सिंह, संगठक सचिव एवं क्रीड़ा अधिकारी डॉ. नंदकिशोर पवार तथा शासकीय महाविद्यालय लोधीखेड़ा के क्रीड़ा अधिकारी डॉ. सोहन सिंह धुर्वे सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।
प्राचार्य डॉ. शहनाज खान ने सभी क्रीड़ा अधिकारियों, खेल प्रबंधकों एवं प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कबड्डी जैसे दमखम और टीम भावना से जुड़े खेल में खिलाड़ियों को अनुशासन, समर्पण एवं खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करना चाहिए।
महिला वर्ग में पांढुर्णा और पुरुष वर्ग में लोधीखेड़ा विजेता
प्रतियोगिता के महिला वर्ग में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय विज्ञान महाविद्यालय पांढुर्णा की टीम ने विजेता का खिताब हासिल किया, जबकि कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय पांढुर्णा की टीम उपविजेता रही।
इसी प्रकार पुरुष वर्ग में शासकीय महाविद्यालय लोधीखेड़ा की टीम विजेता रही, जबकि प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय विज्ञान महाविद्यालय पांढुर्णा की टीम ने उपविजेता का स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के समापन पर प्राचार्य डॉ. शहनाज खान एवं उपस्थित अतिथियों द्वारा विजेता और उपविजेता टीमों को शील्ड एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही आगामी संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों को पांढुर्णा जिले का प्रतिनिधित्व करने हेतु शुभकामनाएं दी गईं।
आयोजन में महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं खेल अधिकारियों का योगदान
प्रतियोगिता को सफल बनाने में डॉ. प्रजेंद्र रघुवंशी, डॉ. अजय कुमार झारिये एवं डॉ. संदीप राणे का महत्वपूर्ण योगदान रहा। निर्णायक की भूमिका श्री खेल सिंह मरकाम, श्री संजय डाबरे एवं श्री उत्तम सांबरे ने निभाई।
कार्यक्रम में शासकीय महाविद्यालय सौसर से श्री संजय भुजाडे, कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय पांढुर्णा से श्री शैलेश झलके, न्यू महर्षि महाविद्यालय पांढुर्णा से श्री राजपाल घोड़े, श्री रविंद्र बंसोड़, डॉ. अनिल कुमार पिंपलकर, श्री मनोज खुरसंगे, श्री राधेश्याम बुआडे, सुश्री पूजाश्री बावनकर, सुश्री आंचल चटप सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मंच संचालन श्री भोजराज कराले तथा अंत में क्रीड़ा अधिकारी डॉ. नंदकिशोर पवार ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।






