जिले के गाडरवारा में 70वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता सत्र 2026-27 का आयोजन 23 से 28 अक्टूबर तक किया जाएगा। प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ 23 अक्टूबर को रूद्र मैदान गाडरवारा में होगा। प्रदेश के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह के प्रयासों से आयोजित इस प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं।

19 वर्ष बालक वर्ग की इस प्रतियोगिता में जबलपुर, सागर, नर्मदापुरम, भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, रीवा, उज्जैन, शहडोल एवं जनजातीय कार्य विभाग सहित कुल 10 संभागों के लगभग 160 खिलाड़ी और 30 अधिकारी भाग लेंगे। प्रतियोगिता के मुकाबले रूद्र मैदान गाडरवारा, चीचली, अशासकीय बाल भारती विद्यालय एनटीपीसी तथा शासकीय राघव कृषि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बोहानी के खेल मैदानों पर आयोजित किए जाएंगे।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह की अध्यक्षता में आयोजन समिति गठित की गई है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गजेंद्र नागेश को कार्यकारी अध्यक्ष, एसडीएम श्रीमती प्रगति वर्मा को नोडल अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अनिल कुशवाहा को संगठन सचिव, जिला क्रीड़ा एवं कल्याण निरीक्षक श्री अनुज जैन को सह सचिव तथा सहायक संचालक सुश्री सीमा डोंगरे को प्रतियोगिता संयोजक नियुक्त किया गया है।

आयोजन की व्यवस्थाओं के लिए आवास, भोजन, परिवहन, पेयजल, साफ-सफाई, चिकित्सा, स्वागत, प्रचार-प्रसार, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं खेल मैदान सहित विभिन्न समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। संभागीय दलों का आगमन 22 अक्टूबर से शुरू होगा। खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था गाडरवारा के न्यू एज पब्लिक स्कूल, काबरा स्कूल, क्रेयान स्कूल एवं दिघोरी स्थित शिवा इंटरनेशनल स्कूल में की गई है। भोजन की व्यवस्था पीएमश्री शासकीय कन्या नवीन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में की जा रही है। खिलाड़ियों को आवास स्थलों से भोजन स्थल और खेल मैदानों तक पहुंचाने के लिए बसों की व्यवस्था भी की गई है।

प्रतियोगिता में लेदर बॉल से मुकाबले होंगे। इसके लिए खेल मैदानों पर टर्फ पिच तैयार की जा रही हैं। आयोजन को सुव्यवस्थित बनाने के लिए नगरपालिका, पुलिस, स्वास्थ्य एवं लोक निर्माण विभाग सहित अन्य विभाग भी सहयोग कर रहे हैं।

गाडरवारा में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा क्रिकेट प्रतियोगिता का राज्य स्तरीय आयोजन पहली बार होने जा रहा है। इसे लेकर खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और नगरवासियों में उत्साह का माहौल है। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह के निर्देशन में आयोजन से जुड़ी सभी समितियां प्रतियोगिता को सफल एवं भव्य बनाने में जुटी हुई हैं।