गाडरवारा नगर के रूद्र कॉलेज मैदान सहित अन्य 3 मैदानों पर खेली जा रही 70 वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मैच 28 अक्टूबर को रूद्र कॉलेज मैदान गाडरवारा पर रीवा एवं जबलपुर संभाग की टीमों के मध्य खेला जाएगा। तदुपरांत प्रतियोगिता का समापन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। तीसरे स्थान के लिए सागर एवं नर्मदापुरम संभाग की टीमें आमने-सामने होंगी।
विदित हो कि मंगलवार को रूद्र कॉलेज मैदान गाडरवारा पर प्रतियोगिता के 2 सेमीफाइनल मैच खेले गए। इसमें पहला सेमीफाइनल मैच रीवा और नर्मदापुरम संभाग की टीमों के मध्य हुआ, जिसमें रीवा ने 9 विकेट से जीत दर्ज की। मैच में नर्मदापुरम की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर के मैच में 7 विकेट खोकर 117 रन बनाए, जिसमें अभिषेक यादव ने 43 रनों की पारी खेली। वहीं रीवा की तरफ से नीरज सिंह ने 4 ओवर में 30 रन देकर 2 विकेट लिए।
जवाबी पारी खेलने उतरी रीवा संभाग की टीम ने प्लेयर ऑफ द मैच संस्कार सिंह की 57 रनों की शानदार पारी की बदौलत 16 वें ओवर में ही सिर्फ एक विकेट खोकर मैच जीत लिया और फाइनल के लिए जगह पक्की कर ली। मैच के अंत में अतिथियों के रूप में नगर के पत्रकारगण शामिल हुए, जिनका स्वागत आयोजन समिति ने किया। इस दौरान पत्रकारों ने अपने उद्बोधन में आयोजन की प्रशंसा की।
इसी मैदान पर खेले गए प्रतियोगिता के दूसरे सेमीफाइनल मैच में जबलपुर संभाग ने सागर संभाग की टीम को 21 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज करते हुए फाइनल मैच के लिए अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया। मैच में टॉस जीतकर जबलपुर संभाग की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 158 रन बनाए। जबलपुर की ओर से प्लेयर ऑफ द मैच सुवीर अरोरा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों पर 60 रन बनाए, जबकि तनीष्क ने 38 गेंदों पर 48 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों के योगदान से जबलपुर की टीम सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में सफल रही। वहीं सागर की ओर से आर्यन ने 4 ओवर में 42 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। जवाब में सागर संभाग की टीम 19 ओवर में शौर्य खरे के 32 रनों के बावजूद सभी विकेट खोकर 136 रन बनाकर मैच हार गई।
प्रतियोगिता के चौथे दिन नगर के मानव सेवा संघ, रोटरी क्लब गाडरवारा व राना, कदम संस्था एवं राम रोटी संस्था के सदस्यों ने उपस्थित होकर खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया। सेमीफाइनल मैचों में एम्पायरिंग, स्कोरिंग एवं कमेंट्री का कार्य विराट सिंह, पुष्पराज सिंह, देवेंद्र रजक, देवेंद्र बैरागी, शाकिर खान, स्वतंत्र शर्मा, वैशाली बिजोरिया, अंकिता मंडलोई, सौरभ लहरिया, आशीष दीक्षित आदि ने किया।







