मध्यप्रदेश में आयोजित होने जा रही महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी भोपाल-2026 के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा हॉकी खेल के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से निकाली जा रही विजेता ट्रॉफी यात्रा शनिवार को मुरैना पहुंची। ट्रॉफी के जिला मुख्यालय स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, खिलाड़ियों एवं खेलप्रेमियों द्वारा भव्य स्वागत किया गया।

उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026 का आयोजन भोपाल में 19 से 28 नवम्बर 2026 तक अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, बरखेड़ा, नाथू भोपाल में किया जा रहा है। प्रतियोगिता के प्रचार-प्रसार और प्रदेश में हॉकी के प्रति उत्साह एवं जागरूकता बढ़ाने के लिए विजेता टीम को प्रदान की जाने वाली ट्रॉफी की यात्रा प्रदेश के सभी 10 संभागों में 10 से 18 नवम्बर तक निर्धारित की गई है। इसी क्रम में ट्रॉफी मुरैना पहुंची।

ट्रॉफी के आगमन पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम में महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी, पुलिस अधीक्षक श्री धर्मराज मीणा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कमलेश कुमार भार्गव, मध्यप्रदेश क्रीड़ा भारती के महामंत्री सहित अन्य गणमान्य नागरिकों एवं प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों ने ट्रॉफी का स्वागत किया।

इस अवसर पर महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी ने जिले के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे मेहनत और लगन से खेलों में आगे बढ़ें तथा अपनी प्रतिभा के माध्यम से जिले का नाम रोशन करें। पुलिस अधीक्षक श्री धर्मराज मीणा ने भी खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय महिला हॉकी टीम को विजेता बनाने के लिए शुभकामनाएं दीं। वहीं, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कमलेश कुमार भार्गव ने भारतीय टीम की सफलता और ट्रॉफी पुनः जीतकर लाने के लिए अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

स्वागत कार्यक्रम के पश्चात ट्रॉफी को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कराया गया, जिससे आमजन एवं युवाओं में हॉकी खेल के प्रति उत्साह और जागरूकता का संदेश पहुंचे। इसके बाद ट्रॉफी को आगामी कार्यक्रम के लिए जिला सागर रवाना किया गया।

कार्यक्रम में उच्च शिक्षा एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी, माय भारत केंद्र, खेल संघों एवं संस्थाओं के पदाधिकारी, एनसीसी एवं एनएसएस के छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।