आत्मविश्वास, मेहनत और सही मार्गदर्शन से महिलाएं न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकती हैं, बल्कि समाज में भी अपनी अलग पहचान बना सकती हैं। मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़कर ग्राम बरतरा की श्रीमती कुसुम सोनी ने आत्मनिर्भरता की ऐसी ही प्रेरक मिसाल पेश की है। स्व-सहायता समूह से ऋण लेकर उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक सामान का व्यवसाय शुरू किया और आज प्रतिमाह लगभग 20 हजार रुपये की आमदनी अर्जित कर रही हैं। इसके साथ ही वे बैंक सखी के रूप में भी ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने में सहयोग कर रही हैं।
ग्राम बरतरा के खुशी स्व-सहायता समूह की सदस्य श्रीमती कुसुम सोनी ने मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़कर आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाया। समूह की नियमित बैठकों, गतिविधियों और आपसी सहयोग से उनमें स्वयं का रोजगार शुरू करने का आत्मविश्वास विकसित हुआ। उन्होंने स्व-सहायता समूह के माध्यम से ऋण प्राप्त कर इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान शुरू की। अपनी मेहनत, लगन और निरंतर प्रयासों से उन्होंने व्यवसाय को आगे बढ़ाया। आज इस व्यवसाय से उन्हें प्रतिमाह लगभग 20 हजार रुपये की आय प्राप्त हो रही है।
बैंक सखी बनकर ग्रामीणों को दे रहीं बैंकिंग सेवाएं
स्वरोजगार के साथ-साथ कुसुम सोनी बैंक सखी के रूप में भी अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं। इस भूमिका में वे ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने तथा उन्हें आवश्यक वित्तीय सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहयोग कर रही हैं। इससे उन्हें आय का अतिरिक्त साधन मिलने के साथ ग्रामीण क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाने का अवसर भी मिला है।
कुसुम सोनी की इस उपलब्धि से उनके परिवार को आर्थिक मजबूती मिली है। साथ ही गांव की अन्य महिलाएं भी उनसे प्रेरित होकर स्व-सहायता समूहों से जुड़ने, ऋण एवं मार्गदर्शन प्राप्त करने और स्वयं का रोजगार शुरू करने के लिए प्रोत्साहित हो रही हैं।
जन विश्वास अभियान के तहत ग्राम बरतरा में आयोजित शिविर में साझा की गई श्रीमती कुसुम सोनी की यह सफलता की कहानी मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का प्रेरक उदाहरण है।







