कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के निर्देशानुसार एवं उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग श्री पंकज सांवले के मार्गदर्शन में शासकीय कलापथक दल द्वारा ग्राम खेड़ी (पिटोल) में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में स्थानीय भाषा में लोकगीतों एवं संवाद के माध्यम से युवाओं एवं ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित किया गया। तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाली शारीरिक एवं मानसिक समस्याओं की जानकारी देते हुए बताया गया कि परिवार का स्नेह, सही मार्गदर्शन एवं सकारात्मक संवाद नशा छोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कलापथक दल द्वारा युवाओं को अच्छी संगति अपनाने, सकारात्मक वातावरण में रहने तथा तनाव, अकेलापन एवं बोरियत जैसी स्थितियों को पहचानकर उचित परामर्श लेने की समझाइश दी गई। साथ ही नशामुक्ति संबंधी सहायता एवं परामर्श के लिए हेल्पलाइन नंबर 14446 की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में शासकीय कलापथक दल की श्रीमती कुसुम भूरिया एवं श्रीमती सुमन सलाम द्वारा लोकगीतों, संवाद एवं नशामुक्ति की शपथ के माध्यम से प्रभावी एवं रोचक प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, खुशहाल एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सहभागी बनने का संदेश दिया गया।