जिले की लटेरी तहसील के ग्राम नेवली निवासी श्रीमती वैजंती सेन आज महिला आत्मनिर्भरता और स्वरोजगार की प्रेरणादायक मिसाल बनकर उभरी हैं। उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के साथ स्वयं सहायता समूह से जुड़कर स्वरोजगार का रास्ता अपनाया और सेंट्रिंग सिलाई कार्य को अपनी आजीविका का मजबूत आधार बनाया है। आज वे इस कार्य से प्रतिमाह 15 हजार रुपए से अधिक की आय अर्जित कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही हैं।
श्रीमती वैजंती सेन गणेश स्व सहायता समूह की सक्रिय सदस्य हैं। स्वयं सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्हें स्वरोजगार को विस्तार देने के लिए ब्याजमुक्त ऋण की सुविधा प्राप्त हुई। उन्होंने उपलब्ध वित्तीय सहायता का सदुपयोग करते हुए अपने कार्य को आगे बढ़ाया। उन्हें प्रथम चरण में 1 लाख, द्वितीय चरण में 3 लाख तथा तृतीय चरण में 6 लाख का ऋण प्राप्त हुआ।
वित्तीय सहयोग मिलने के बाद श्रीमती वैजंती सेन ने सेंट्रिंग सिलाई कार्य को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाया। उनके निरंतर परिश्रम और कार्य के प्रति समर्पण से आज यह काम उनकी नियमित आय का माध्यम बन चुका है। प्रतिमाह 15 हजार से अधिक की आय से वे परिवार की आर्थिक जरूरतों में सहयोग करने के साथ ही अपने जीवन में आत्मविश्वास और स्वावलंबन का नया अध्याय जोड़ रही हैं।
समूह से जुड़ाव ने बदली जीवन की दिशा
श्रीमती वैजंती सेन का कहना है कि समूहों से महिलाओं को आर्थिक सहयोग और आगे बढ़ने का अवसर मिलता है, तो वे अपनी मेहनत और हुनर के बल पर न केवल स्वयं आत्मनिर्भर बन सकती हैं, बल्कि परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
स्व सहायता समूह के माध्यम से मिली वित्तीय सुविधा ने वैजंती सेन को अपने हुनर को रोजगार में बदलने का अवसर दिया। उन्होंने प्राप्त ऋण का उपयोग अपनी आजीविका को आगे बढ़ाने में किया और निरंतर मेहनत से अपनी आय का स्थायी साधन तैयार किया।
अन्य महिलाओं के लिए बनीं प्रेरणा
वैजंती सेन ने अपने हुनर और परिश्रम के माध्यम से स्वरोजगार शुरू कर आर्थिक रूप से सशक्त बनना चाहती हैं। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि स्वयं सहायता समूह से जुड़कर उपलब्ध वित्तीय संसाधनों का बेहतर उपयोग और निरंतर मेहनत महिलाओं को आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ा सकती है।





