खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान, ज्वार एवं बाजरा के उपार्जन के लिए किसानों के पंजीयन की प्रक्रिया 15 सितंबर से प्रारंभ हो गई है। जो 10 अक्टूबर तक जारी रहेगी।
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता द्वारा किसानों के हित एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले में कुल 14 पंजीयन केंद्र निर्धारित किए गए हैं। किसान भाई निर्धारित पंजीयन केंद्रों पर कार्यालयीन दिवसों व अवधि में 10 अक्टूबर तक अपना पंजीयन करा सकेंगे।
मध्यप्रदेश शासन खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, भोपाल द्वारा 20 अगस्त 2026 को जारी निर्देशों के अंतर्गत जिले में फसल उपार्जन के लिए पंजीयन केंद्र निर्धारित किए गए हैं। जिला प्रशासन द्वारा संबंधित संस्था प्रबंधकों को निर्देश दिए गए हैं कि पंजीयन कार्य के लिए आवश्यक भौतिक एवं मानव संसाधनों का समुचित नियोजन करते हुए किसानों के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि निर्धारित अवधि में पात्र एवं इच्छुक किसानों का शत-प्रतिशत पंजीयन कराया जा सके।
इन स्थानों पर बनाए गए हैं पंजीयन केंद्र
विदिशा तहसील क्षेत्र में सेवा सहकारी समिति मर्यादित देवखजुरी, समिति देवखजुरी परिसर तथा विदिशा नगर में विपणन सहकारी समिति मर्यादित विदिशा, मार्केटिंग विदिशा परिसर और सेवा सहकारी समिति रंजई, समिति रंजई परिसर को पंजीयन केंद्र बनाया गया है।
इसी प्रकार ग्यारसपुर में सेवा सहकारी समिति मर्यादित ग्यारसपुर, समिति परिसर ग्यारसपुर; गुलाबगंज में सेवा सहकारी समिति मर्यादित बरियाघाट, समिति बरियाघाट परिसर; बासौदा में सेवा सहकारी समिति मर्यादित हतोड़ा, समिति हतोड़ा परिसर तथा सेवा सहकारी समिति मर्यादित बेरठ, समिति बेरठ परिसर में पंजीयन की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
त्यौंदा तहसील में सेवा सहकारी समिति मर्यादित बागरोद, समिति बागरोद परिसर; नटेरन में विपणन सहकारी समिति मर्यादित नटेरन, मार्केटिंग नटेरन परिसर; शमशाबाद में विपणन सहकारी समिति मर्यादित नटेरन, मार्केटिंग शमशाबाद परिसर; कुरवाई में विपणन सहकारी समिति मर्यादित कुरवाई, मार्केटिंग कुरवाई परिसर; पठारी में सेवा सहकारी समिति मर्यादित पठारी, समिति परिसर पठारी; लटेरी में विपणन सहकारी समिति मर्यादित लटेरी, मार्केटिंग लटेरी परिसर तथा सिरोंज में विपणन सहकारी समिति मर्यादित सिरोंज, मार्केटिंग सिरोंज परिसर को पंजीयन केंद्र निर्धारित किया गया है।
मोबाइल से भी कर सकते हैं नि:शुल्क पंजीयन
किसानों की सुविधा के लिए निर्धारित केंद्रों के अतिरिक्त किसान स्वयं अपने मोबाइल फोन के माध्यम से भी पंजीयन कर सकते हैं। ग्राम पंचायतों में स्थापित सुविधा केंद्रों पर भी नि:शुल्क पंजीयन की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
इसके अलावा एमपी ऑनलाइन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेंटर ( CSC) तथा लोकसेवा केंद्रों के माध्यम से निर्धारित शुल्क पर पंजीयन कराया जा सकता है। इन केंद्रों पर पंजीयन के लिए अधिकतम 50 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि धान, ज्वार एवं बाजरा की फसल समर्थन मूल्य पर बेचने के इच्छुक किसान निर्धारित अंतिम तिथि 10 अक्टूबर 2026 का इंतजार न करते हुए समय-सीमा में अपना पंजीयन अवश्य करा लें, ताकि उपार्जन के समय किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।




