दीपावली पर्व के पश्चात कृषि उपज मंडी धार में कृषि उपज की नीलामी का शुभारंभ उत्साह एवं उल्लास के साथ हुआ। अनाज, दलहन एवं तिलहन व्यापार विकास समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ मां महालक्ष्मी के पूजन-अर्चन के साथ किया गया। इसके पश्चात विधि-विधान एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ कृषि उपज की नीलामी प्रारंभ हुई। नीलामी की शुरुआत बैलगाड़ी में लाई गई सोयाबीन की उपज से टोकन पद्धति के माध्यम से की गई। विक्रय के लिए आई बैलगाड़ियों की प्रवेश पर्चियां एकत्रित कर कलेक्टर श्री मीना ने प्रथम पर्ची निकाली। इसमें ग्राम कालुखेड़ी के कृषक श्री बहादुर की सोयाबीन की उपज की नीलामी हुई, जिसे फर्म चंचल ट्रेडर्स ने 10,001 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा। इसके बाद द्वितीय एवं तृतीय पर्ची के माध्यम से भी नीलामी की गई तथा मंडी में नियमित रूप से कृषि उपज की नीलामी प्रक्रिया प्रारंभ हो गई। कार्यक्रम में मंडी समिति के भारसाधक अधिकारी श्री राजकुमार हलदर, मंडी सचिव श्री एम.आर. जमरे, व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री अनंतकुमार अग्रवाल, सचिव श्री मुकेश राठौर एवं कोषाध्यक्ष श्री आशीष जैन सहित एसोसिएशन के पदाधिकारी, सदस्य एवं शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों का बैंड-बाजों के साथ नीलामी स्थल पर स्वागत किया गया। इस अवसर पर एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्य सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। अंत में मंडी सचिव श्री एम.आर. जमरे ने मंडी प्रांगण में आने वाले क्षेत्र के समस्त कृषकों, व्यापारियों एवं हम्माल-तुलावटी भाइयों को दीपावली पश्चात कृषि उपज की खरीदी प्रारंभ होने पर शुभकामनाएं दीं।
किसान कल्याण एवं कृषि विकास
कृषि उपज मंडी धार में दीपावली के बाद शुभ मुहूर्त में शुरू हुई उपज की नीलामी कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना की उपस्थिति में हुआ शुभारंभ, सोयाबीन का भाव 10,001 रुपये प्रति क्विंटल रहा

धार · 12 नवंबर 2026 · 3 मिनट
खास बातें
- कार्यक्रम का शुभारंभ मां महालक्ष्मी के पूजन-अर्चन के साथ किया गया।
- नीलामी की शुरुआत बैलगाड़ी में लाई गई सोयाबीन की उपज से टोकन पद्धति के माध्यम से की गई।
- इसमें ग्राम कालुखेड़ी के कृषक श्री बहादुर की सोयाबीन की उपज की नीलामी हुई, जिसे फर्म चंचल ट्रेडर्स ने 10,001 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा।





