किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग द्वारा ई-कृषि यंत्र अनुदान पोर्टल पर विभिन्न आधुनिक कृषि यंत्रों हेतु जिले के कृषकों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। कृषि विभाग बताया गया कि योजना के अंतर्गत श्रेडर/मल्चर, बेलर, स्लेशर, SMS–स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम, है-रेक एवं रोटोकल्टीवेटर जैसे उन्नत कृषि यंत्रों के लिए आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इच्छुक कृषक 24 सितंबर से 06 अक्टूबर 2026 तक पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं, जिसके उपरांत प्राप्त आवेदनों में से लाभार्थियों का चयन 07 अक्टूबर 2026 को पारदर्शी लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा।
आवेदन के साथ सुरक्षा निधि के रूप में "सहायक कृषि यंत्री, धार" के नाम निर्धारित राशि का बैंक डिमांड ड्राफ्ट (DD) जमा करना अनिवार्य रहेगा तथा बिना निर्धारित धरोहर राशि के प्राप्त आवेदनों को अमान्य कर दिया जाएगा। योजना के अंतर्गत यंत्रवार निर्धारित धरोहर राशि में श्रेडर/मल्चर हेतु ₹5,500/-, बेलर हेतु ₹15,000/-, स्लेशर हेतु ₹2,000/-, स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम (SMS) हेतु ₹3,500/-, हे-रेक हेतु ₹5,000/- तथा रोटोकल्टीवेटर हेतु ₹2,500/- तय की गई है।
इसके साथ ही, योजना का लाभ लेने के लिए कृषकों के पास AgriStack की Farmer ID होना अनिवार्य किया गया है, इसलिए सभी इच्छुक किसानों से अपील की गई है कि वे ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत करने से पूर्व AgriStack पोर्टल पर अपनी भूमि का पंजीयन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कर लें।






