जन विश्वास शिविर किसी के लिए सरकारी योजनाओं की जानकारी पाने का माध्यम बना, तो किसी के जीवन में खुशियों की नई सौगात लेकर आया। ग्राम बरतरा में आयोजित शिविर पांचवीं कक्षा की छात्रा शांति कोल के लिए यादगार बन गया। यहां उसे चलने-फिरने में सहूलियत के लिए व्हीलचेयर प्रदान की गई। व्हीलचेयर पाकर शांति के चेहरे पर खुशी झलक उठी, वहीं बेटी की परेशानी कुछ कम होते देख पिता कल्लू कोल की आंखें खुशी के आंसुओं से भर आईं।
प्राथमिक विद्यालय बरतरा में कक्षा पांचवीं में अध्ययनरत अस्थि बाधित छात्रा शांति कोल को जन विश्वास शिविर में विधायक श्रीमती मनीषा सिंह, विधायक श्री जयसिंह मरावी एवं कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने व्हीलचेयर प्रदान की। जनप्रतिनिधियों एवं कलेक्टर ने शांति को व्हीलचेयर सौंपते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बेटी को व्हीलचेयर मिलते देख पिता कल्लू कोल के लिए यह पल बेहद भावुक कर देने वाला था। बेटी की रोजमर्रा की कठिनाइयों को करीब से देखने वाले पिता की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। उनके लिए यह केवल एक व्हीलचेयर नहीं, बल्कि बेटी की राह आसान बनाने वाली ऐसी सौगात थी, जिससे उसकी पढ़ाई और दैनिक गतिविधियों में काफी सहूलियत मिलेगी।
जन विश्वास शिविर की यही सार्थकता है कि शासन-प्रशासन गांव तक पहुंचकर जरूरतमंदों की समस्याओं को समझे और उन्हें मौके पर ही राहत एवं सहायता उपलब्ध कराए। शांति को मिली व्हीलचेयर इस बात का उदाहरण बनी कि संवेदनशीलता के साथ जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाई जाए, तो एक छोटा-सा प्रयास भी किसी परिवार के जीवन में बड़ी खुशी लेकर आ सकता है।
जिला समन्वयक सर्व शिक्षा अभियान श्री अमरनाथ सिंह ने बताया कि बेटी शांति कोल को 8 हजार रुपए का परिवहन भत्ता का भी लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में विधायक द्वय श्री जयसिंह मरावी एवं श्रीमती मिनीषा सिंह, कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हीरावती कोल, जिला पंचायत सदस्य श्री जगन्नाथ शर्मा, एसडीएम श्रीमती अमृता गर्ग, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सोहागपुर श्रीमती ममता मिश्रा, श्री रविकांत त्रिपाठी, जनपद सदस्य, ग्राम पंचायत के सरपंच एवं पंच सहित आसपास की छह ग्राम पंचायतों के ग्रामीण तथा विभिन्न विभागों के जिला एवं खंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।







