शासकीय एकीकृत विद्यालय ररुवाराय में मध्य प्रदेश शासन की योजना अनुसार विद्यालय की छात्र-छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सेवढ़ा विधायक श्री प्रदीप अग्रवाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता बी.आर.सी. आशीष कंचन द्वारा की गई। विशिष्ट अतिथि के रूप में राम बहादुर सिंह गुर्जर जनपद सदस्य, मोहन सिंह जाटव जनपद सदस्य, विष्णु प्रताप सिंह गुर्जर सरपंच, संजीव सिंह गुर्जर,जयेंद्र सिंह गुर्जर उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के पूजन से की गई। पूजन के उपरांत स्कूल की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत का गायन किया गया। विधायक प्रदीप अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में अपने उद्बोधन में कहा कि सरकार स्कूल के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को देखते हुए उन्हें सभी प्रकार की सहायक सामग्रियां उपलब्ध कराने का काम कर रही है। इसी कड़ी में बच्चों को स्कूल आने-जाने में कोई असुविधा न हो, उनके समय की बचत हो, उन्हें ज्यादा श्रम न करना पड़े, इस उद्देश्य से साइकिल वितरण का काम किया जा रहा है। समय-समय पर बच्चों को स्कॉलरशिप, गणवेश एवं पुस्तकें निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने बच्चों से कहा कि हमारे देश के प्रधानमंत्री ने विकसित भारत की जो कल्पना की है, उसमें आप सभी सहभागी बनें। अच्छे संस्कार प्राप्त कर परंपराओं को जीवित रखें, बड़े पदों पर पहुंचकर राष्ट्र विकास के साथ-साथ अपने गांव, अपने शहर के विकास की चिंता करें। जो व्यक्ति हमसे कमजोर है, उसके विकास के लिए प्रयास करें। ज्ञान प्राप्ति के साथ-साथ आचरण अच्छा रखें, ऐसा काम करें कि आने वाली पीढ़ी आपको याद करे। इसके अलावा आपके द्वारा समय-समय पर स्कूल के लिए या बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए जो भी अपेक्षा की जाएगी, मैं उसके लिए सदैव तैयार हूँ। कार्यक्रम में विधायक श्री प्रदीप अग्रवाल ने स्कूल के कक्षा छठवीं के बच्चों को 12 बालिकाओ एवं 12 बालकों को कुल 24 साइकिलों का वितरण किया। विद्यालय के प्राचार्य मनोज जाटव द्वारा बताया गया कि पूर्व में कक्षा नवमीं के छात्रों को 91 साइकिलों का वितरण हो चुका है। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की अध्यापिका श्रीमती आराधना सक्सेना द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से श्रीमती अर्चना श्रीवास्तव, कल्पना साहू, कमल माला प्रभा, लालता प्रसाद दोहरे, राकेश रावत, कमलेश उज्जैनिया, विकास शुक्ला, कृपाल सिंह गुर्जर, श्रीमती शशि राहुल, परमानंद डांडे, उषा गुप्ता, कुसुम परिहार, अर्चना कौशिक के अलावा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।