मध्यप्रदेश शासन की मुख्यमंत्री एमएसएमई प्रोत्साहन योजना जिले में उद्योगों की स्थापना, विस्तार एवं संचालन को प्रोत्साहित करने में सहायक बन रही है। योजना के माध्यम से उद्यमियों को शुरुआती वर्षों में आर्थिक सहायता मिल रही है, जिससे वे अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी उपलब्ध करा रहे हैं।
जिले के ग्राम जमगांव में एचएफ एग्रो टेक इंडस्ट्रीज के नाम से राइस मिल का संचालन कर रहे उद्यमी श्री मुजाहिद अहमद ने मुख्यमंत्री एमएसएमई प्रोत्साहन योजना का लाभ लेकर अपने उद्योग का विस्तार किया है। योजना के अंतर्गत उन्हें चार वर्षों तक कुल 40 प्रतिशत अनुदान का लाभ मिल रहा है, जो प्रतिवर्ष 10-10 प्रतिशत के रूप में प्रदान किया जा रहा है।
श्री मुजाहिद अहमद ने बताया कि राइस मिल के माध्यम से वर्तमान में 20 श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बिजली बिल पर लगभग 1.50 लाख रुपये तथा बैंक ऋण की किस्त के रूप में लगभग 2.50 लाख रुपये प्रतिमाह चुकाने के बाद वे करीब 2 लाख रुपये की मासिक आय अर्जित कर रहे हैं। इस प्रकार उद्योग के संचालन से उन्हें आय प्राप्त होने के साथ स्थानीय लोगों को भी रोजगार मिल रहा है।
परिवार के अनुभव से मिली उद्योग विस्तार की प्रेरणा
श्री मुजाहिद अहमद ने बताया कि उनका परिवार छत्तीसगढ़ में राइस मिल का व्यवसाय करता है। परिवार की सलाह और अनुभव से प्रेरित होकर उन्होंने ग्राम जमगांव में राइस मिल का विस्तार करने का निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि किसी भी नए व्यवसाय को स्थापित करने के शुरुआती वर्षों में आर्थिक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे समय में शासन की प्रोत्साहन योजना से मिलने वाली सहायता उद्योग को स्थापित करने और उसके संचालन में उपयोगी साबित हो रही है।
4.4 करोड़ रुपये का ऋण लेकर स्थापित किया उद्योग
उद्यमी ने बताया कि उद्योग के लिए छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा से लगभग 4.4 करोड़ रुपये का ऋण लिया गया है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं से मिल रहे सहयोग के साथ जिला प्रशासन तथा जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के अधिकारियों के मार्गदर्शन से उद्योग का संचालन किया जा रहा है।
श्री मुजाहिद अहमद ने उद्योग की स्थापना एवं संचालन में मिले सहयोग के लिए शासन, जिला प्रशासन, कलेक्टर तथा जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति भी धन्यवाद ज्ञापित करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी शासन और संबंधित विभागों से सहयोग मिलता रहेगा।
मुख्यमंत्री एमएसएमई प्रोत्साहन योजना के माध्यम से उद्यमियों को आर्थिक सहायता मिलने से जिले में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करने में सहयोग मिल रहा है। ग्राम जमगांव की एचएफ एग्रो टेक इंडस्ट्रीज इसका एक उदाहरण है, जहां उद्योग के संचालन से 20 श्रमिकों को रोजगार मिल रहा है।



