दृढ़ इच्छाशक्ति, मेहनत और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का सहयोग मिल जाए, तो मुश्किल परिस्थितियों को भी सफलता में बदला जा सकता है। इसका प्रेरक उदाहरण बालाघाट जिले की ग्राम पंचायत चांगोटोला के ग्राम मऊ निवासी युवा उद्यमी शुभम साहू हैं। कभी आर्थिक तंगी के कारण उनका कारोबार बंद होने की कगार पर पहुंच गया था, लेकिन प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) से मिली आर्थिक सहायता ने उनके जीवन को नई दिशा दी। आज शुभम न केवल अपने व्यवसाय को सफलतापूर्वक संचालित कर रहे हैं, बल्कि 7 से 8 लोगों को रोजगार देकर अन्य परिवारों की आजीविका का सहारा भी बने हैं।

आर्थिक संकट से उबरने में पीएमईजीपी बना सहारा

शुभम साहू की फर्म की आर्थिक स्थिति एक समय बेहद कमजोर हो गई थी। कारोबार में गिरावट के कारण कामकाज प्रभावित होने लगा था और प्रतिष्ठान को आगे संचालित करना मुश्किल हो रहा था। ऐसे चुनौतीपूर्ण समय में उन्हें प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के बारे में जानकारी मिली। उन्होंने इस योजना का लाभ लेने का निर्णय लिया और इसके तहत 9.5 लाख रुपये का ऋण प्राप्त किया।

ऋण की राशि से उन्होंने अपने व्यवसाय को दोबारा व्यवस्थित किया और कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रयास किए। आर्थिक सहयोग मिलने के बाद उनके व्यवसाय ने गति पकड़ी और धीरे-धीरे उनकी स्थिति में सुधार होने लगा। जो प्रतिष्ठान कभी आर्थिक संकट से जूझ रहा था, आज वही सफल व्यवसाय के रूप में स्थापित हो चुका है।

अपने साथ दूसरे परिवारों को भी दिया रोजगार

शुभम साहू की सफलता केवल उनके व्यक्तिगत आर्थिक सुधार तक सीमित नहीं है। आज उनके प्रतिष्ठान में 7 से 8 लोगों को स्थायी रोजगार मिल रहा है। इससे इन युवाओं को आजीविका का साधन प्राप्त हुआ है और उनके परिवारों के भरण-पोषण में भी मदद मिल रही है। इस तरह शुभम का व्यवसाय स्वयं के लिए रोजगार का साधन बनने के साथ ही दूसरे लोगों के लिए भी आजीविका का माध्यम बन गया है। उनकी यह सफलता बताती है कि स्वरोजगार को बढ़ावा देने वाली योजनाएं युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार

अपनी सफलता के अनुभव साझा करते हुए शुभम साहू बताते हैं, “पहले मेरा पूरा सेटअप फुल डाउन था। कारोबार की स्थिति बहुत खराब हो गई थी, लेकिन PMEGP योजना के तहत ऋण मिलने के बाद मेरी स्थिति बहुत अच्छी हो गई। आज मेरा व्यवसाय अच्छी तरह चल रहा है और इससे कई लोगों को रोजगार भी मिल रहा है। मैं माननीय प्रधानमंत्री जी और मुख्यमंत्री जी का हृदय से धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने युवाओं को आगे बढ़ने और अपना रोजगार स्थापित करने के लिए इतनी अच्छी योजना शुरू की।”

शुभम साहू की कहानी उन युवाओं के लिए प्रेरणादायक है, जो आर्थिक कठिनाइयों के कारण अपना व्यवसाय शुरू करने या पहले से संचालित कारोबार को आगे बढ़ाने में परेशानी का सामना कर रहे हैं। उनका अनुभव बताता है कि सही अवसर, मेहनत और शासन की योजनाओं का लाभ लेकर आर्थिक चुनौतियों से उबरा जा सकता है।

प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के माध्यम से मिली सहायता ने शुभम साहू को आर्थिक संकट से उबरने का अवसर दिया। आज वे अपने व्यवसाय के जरिए आत्मनिर्भर बनने के साथ ही दूसरों को भी रोजगार उपलब्ध करा रहे हैं। उनकी सफलता आत्मनिर्भर भारत की उस भावना को साकार करती है, जिसमें युवा स्वयं रोजगार प्राप्त करने के साथ-साथ दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर तैयार करते हैं।