कमिश्नर सागर संभाग श्री दिलीप कुमार ने अपने कार्यालय में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने ऊर्जा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकीय, जल संसाधन और जल निगम विभाग की समीक्षा की। कमिश्नर श्री कुमार ने कहा कि बिजली संबंधी समस्याओं का निराकरण त्वरित गति से समय सीमा में सुनिश्चित हो। जनता को बिजली के लिए कोई असुविधा न हो।
उन्होंने ट्रांसफॉर्मर रिपेयरिंग एवं उनको रिप्लेस करने के संबंध में अधिकारियों को समझाइए दी। उन्होंने कहा कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली मिले। जिन स्थानों पर वोल्टेज की समस्या है वहां उसका निराकरण जल्द पूरा कर लिया जाए। उन्होंने बिजली विभाग को वसूली का प्रतिशत बढ़ाने के भी निर्देश दिए।
कमिश्नर श्री कुमार ने कहा कि शुक्रवार को मुख्य सचिव द्वारा सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की समीक्षा की जाएगी इसलिए सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं करें। उन्होंने कहा कि जो शिकायतें 100 दिवस से अधिक समय से लंबित चल रही हैं उनका निराकरण गुरुवार तक हर हाल में कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि संभाग में नल जल योजनाएं बिजली संबंधी समस्याओं के कारण बंद नहीं रहें।
उन्होंने जल निगम के अधिकारियों को विभिन्न बांधों से पानी आपूर्ति जारी रखने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने कहा कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा गांवों में पानी की सप्लाई निरंतर जारी रहे। निर्माणाधीन परियोजनाओं से जहां सप्लाई की जाना है उसके पहले टेस्टिंग पूरी कर ली जाए। उन्होंने कहा कि जल संसाधन, जल निगम और पीएचपी विभाग आपसी समन्वय से पेयजल संबंधी समस्याओं का निराकरण करना सुनिश्चित करें।
हैंडपंप संधारण संबंधी शिकायतें आने पर उनका तत्काल निराकरण किया जाए। ग्रामों में हैंडपंप मैकेनिकों की सूची भी चश्मा की जाए। कमिश्नर श्री कुमार ने जल संसाधन विभाग की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि बांधों से सिंचाई के लिए पानी नियमित रूप से प्रदान किया जाए, इसके लिए बैठक कर प्लान तैयार कर लिया जाए। बैठक में जन प्रतिनिधियों, सिंचाई संथाओं के पूर्व सदस्यों, राजस्व विभाग के अधिकारियों को जरूर बुलाया जाए।
वन विभाग की एनओसी नहीं मिलने के कारण जो परियोजनाएं लंबित हैं उनके निराकरण की भी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने भू-अर्जन की कार्रवाई और अवार्ड पारित करने की जानकारी तैयार करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने क्षेत्र में सिंचाई का रकबा बढ़ाने के भी निर्देश दिए। बैठक में संयुक्त आयुक्त ( विकास) श्री पीसी शर्मा सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और जिले के अधिकारी भी मौजूद थे।



