RBSK टीम की तत्परता से कटे तालु से पीड़ित अक्षत को मिला समय पर उपचार

जन्मजात विकार की समय पर पहचान और त्वरित रेफरल से विशेषज्ञ अस्पताल में कराया गया सफल उपचार

राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के माध्यम से बच्चों में जन्मजात विकारों, बीमारियों, पोषण संबंधी कमियों एवं विकासात्मक विलंब की समय पर पहचान कर उन्हें आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी क्रम में निवाड़ी जिले के टेहरका निवासी अक्षत के जन्मजात विकार कटे तालु (क्लेफ्ट पैलेट) की पहचान कर RBSK टीम ने तत्परता से उसे विशेषज्ञ अस्पताल में उपचार के लिए रेफर किया। समय पर उपचार मिलने से बच्चे की स्थिति में संतोषजनक सुधार हुआ है।

निवाड़ी विकासखंड के ग्राम टेहरका निवासी अक्षत के स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान RBSK टीम ने उसके कटे तालु से पीड़ित होने की जानकारी प्राप्त की। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए RBSK प्रभारी डॉ. हृदेश विश्वकर्मा के मार्गदर्शन एवं समन्वय से बच्चे को बिना विलंब भोपाल स्थित बिसोनिया हॉस्पिटल रेफर किया गया। यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आवश्यक परीक्षण एवं उपचार किया गया। उपचार के बाद बच्चे की देखभाल, पोषण और जरूरी सावधानियों के संबंध में भी उसके माता-पिता को विस्तृत जानकारी एवं मार्गदर्शन दिया गया।

इस प्रकरण में कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की सतत निगरानी एवं समन्वित प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल झामनानी, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.सी. मलारया तथा RBSK प्रभारी डॉ. हृदेश विश्वकर्मा के समन्वय से बच्चे को समय पर विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकीं।

माता-पिता ने शासन एवं जिला प्रशासन के प्रति जताया आभार

अक्षत के उपचार से उसके माता-पिता श्रीमती राजकुमारी एवं श्री हरगोविंद चौरसिया प्रसन्न हैं। उन्होंने राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के माध्यम से उनके बच्चे की समस्या की समय पर पहचान कर उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, जिला प्रशासन निवाड़ी, कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों तथा RBSK टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की तत्परता से उनके बच्चे को समय पर उचित उपचार मिल सका है, जिससे उसके बेहतर स्वास्थ्य और भविष्य की उम्मीद मजबूत हुई है।

बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए संचालित है RBSK कार्यक्रम

राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम का उद्देश्य जन्म से लेकर 18 वर्ष तक के बच्चों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की शीघ्र पहचान कर उपचार एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम के अंतर्गत जन्मजात विकार, विभिन्न बीमारियां, पोषण संबंधी कमियां तथा विकासात्मक विलंब एवं दिव्यांगता की चार प्रमुख श्रेणियों में बच्चों की स्क्रीनिंग की जाती है। इसके लिए RBSK टीम द्वारा नियमित रूप से आंगनवाड़ी केंद्रों एवं शैक्षणिक संस्थानों में पहुंचकर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाता है। आवश्यकता के अनुसार बच्चों को उच्च स्वास्थ्य संस्थानों एवं विशेषज्ञ अस्पतालों में रेफर कर उपचार तथा उपचार के बाद फॉलोअप भी सुनिश्चित किया जाता है।

अक्षत का उपचार इस बात का उदाहरण है कि समय पर स्वास्थ्य परीक्षण, विकार की पहचान और उचित रेफरल के माध्यम से जन्मजात समस्याओं से प्रभावित बच्चों को बेहतर जीवन का अवसर दिया जा सकता है।