मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के संबंध में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देशानुसार आंशिक संशोधन किया गया है। संशोधित आदेश के अनुसार जिले में ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों के वार्डों में क्षेत्र भ्रमण, निरीक्षण और जनसंवाद के माध्यम से आमजन की शिकायतों का त्वरित निराकरण, शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की मॉनिटरिंग तथा लोक सेवाओं का समय-सीमा में प्रदाय सुनिश्चित करने के लिए अभियान आयोजित किया जाएगा।

अभियान के दौरान संबंधित क्षेत्रों में अधिकारी पहुंचकर लोगों से सीधे संवाद करेंगे और प्राप्त आवेदनों के निराकरण की कार्रवाई करेंगे। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत 3 अक्टूबर को नगर पालिका सुरखी में आयोजित होगा। इसके बाद 9 अक्टूबर को जनपद पंचायत केसली, 16 अक्टूबर को खुरई, 23 अक्टूबर को बीना, 30 अक्टूबर को मालथौन, 6 नवंबर को राहतगढ़ और 13 नवंबर को शाहगढ़ में अभियान आयोजित किया जाएगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संबंधित जनपद क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों को अभियान में शामिल किया गया है। अभियान निर्धारित मुख्यालयों पर प्रातः 11 बजे आयोजित किया जाएगा। अभियान दिवस पर सुबह 9 बजे से जिला एवं जनपद पंचायत स्तर के अधिकारी संबंधित ग्राम पंचायतों का भ्रमण करेंगे।

इस दौरान पंचायत समन्वयक, सहायक विकास विस्तार अधिकारी, ब्लॉक प्रबंधक एनआरएलएम, विद्युत विभाग के कर्मचारी, उचित मूल्य दुकान के पीडीएस सेल्समैन, उपयंत्री, पटवारी, ग्राम पंचायत सचिव, ग्राम रोजगार सहायक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता सहित विभिन्न विभागों के मैदानी अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहेंगे। भ्रमण के दौरान ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों को एकत्र कर उनके निराकरण की कार्रवाई की जाएगी।

प्राप्त आवेदनों के निराकरण की समीक्षा अधोहस्ताक्षरकर्ता की अध्यक्षता में प्रातः 11 बजे निर्धारित स्थल पर आयोजित अभियान की बैठक में की जाएगी। शासन के निर्देशानुसार शेष नगरीय क्षेत्रों के लिए मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के कार्यक्रम का पृथक आदेश जारी किया जाएगा। अभियान के लिए जिला स्तर पर संयुक्त कलेक्टर श्री रवीश श्रीवास्तव को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। संशोधित आदेश में नोडल अधिकारियों की जिम्मेदारियां भी तय की गई हैं।

जिला स्तर पर नियुक्त नोडल अधिकारी प्रत्येक सप्ताह आयोजित अभियान की जानकारी अधोहस्ताक्षरकर्ता को प्रस्तुत करेंगे। प्रत्येक विकासखंड स्तर पर ग्रामीण क्षेत्र में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा नगरीय क्षेत्र में मुख्य नगर पालिका अधिकारी नोडल अधिकारी रहेंगे। वहीं सागर नगरीय क्षेत्र के लिए आयुक्त, नगर पालिक निगम सागर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।