कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने सप्ताह में दूसरी बार पुनः शनिवार को भीमपुर ब्लॉक के प्राथमिक शाला माकड़ा का औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर ने शाला की व्यवस्थाओं, शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने भीमपुर ब्लॉक के स्कूलों के भवन और बच्चों की शैक्षणिक गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाए जाने पर बीआरसी के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए व्यवस्था सुधारने के सख्त निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने संबंधित शिक्षकों और अधिकारियों को भी विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार लाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाए। स्कूलों में बिजली, पर्याप्त रोशनी, पंखे सहित अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम पंचायत चिखली के प्रभारी सचिव निलेश नंदा को शाला के अधोसंरचना विकास के लिए प्रकरण तैयार कर आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ करने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षा संजीवनी अभियान के तहत उन्नयन कार्यों की जानकारी भी ली।
इस दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याएं भी ध्यानपूर्वक सुनी और संबंधित अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए।





