कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना की अध्यक्षता में शासकीय विधि महाविद्यालय सिवनी की जनभागीदारी समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में महाविद्यालय की शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं अधोसंरचना संबंधी आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर श्रीमती मीना ने पूर्व बैठक के पालन प्रतिवेदन की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों की प्रगति की जानकारी ली तथा आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।

बैठक में महाविद्यालय में विद्यार्थियों की शैक्षणिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यकतानुसार नवीन पाठ्यक्रम प्रारंभ करने के प्रस्तावों पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने नवीन पाठ्यक्रमों से संबंधित प्रस्तावों का अनुमोदन कर संबंधित विभाग को भेजने के निर्देश दिए। महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार अतिरिक्त कर्मचारियों की नियुक्ति से संबंधित प्रस्तावों पर भी चर्चा कर अनुमोदन किया गया।

बैठक में विद्यार्थियों के अध्ययन के लिए आवश्यक पुस्तकों की उपलब्धता तथा महाविद्यालय के कार्यालयीन कार्यों से संबंधित व्यय के प्रस्तावों पर भी विचार-विमर्श किया गया। जनभागीदारी समिति के माध्यम से पुस्तकों की व्यवस्था एवं आवश्यक कार्यालयीन व्यय के प्रस्तावों का अनुमोदन किया गया। इसके साथ ही महाविद्यालय की अन्य आवश्यकताओं से संबंधित प्रस्तावों पर भी चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए।

कलेक्टर श्रीमती मीना ने शासकीय विधि महाविद्यालय के नवीन भवन निर्माण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्माण एजेंसी भवन विकास निगम के अधिकारियों से निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में गति के साथ भवन की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में महाविद्यालय के प्राचार्य सहित जनभागीदारी समिति के अन्य सदस्य एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।