सतना जिले के नागौद और पन्ना जिले के देवेन्द्र नगर क्षेत्र में पहली बार रेल सेवा शुरू होने के अवसर पर उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। देवेंद्रनगर-चुरहट ट्रेन सेवा के शुभारंभ के बाद नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी, सांसद खजुराहो बीडी शर्मा, सतना सांसद श्री गणेश सिंह सहित जनप्रतिनिधियों ने नागौद से देवेन्द्र नगर तक और वापसी में नागौद तक मेमो ट्रेन में यात्रा की। उन्होंने इस अवसर पर फुलवारी, देवेन्द्रनगर स्टेशन पर ट्रेन को हरी झण्डी दिखाई और बडी संख्या में उपस्थित नागरिकों के बीच खुशियां और उत्साह के पलों को साझा किया।