युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेन्टिसशिप के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शासन द्वारा युवा संगम जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विभिन्न कम्पनियां एक ही मंच पर आकर युवाओं की योग्यता एवं कौशल के अनुरूप उनका प्रारंभिक चयन करती हैं, प्रशिक्षण प्रदान करती हैं तथा रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराती हैं। जिला प्रशासन का निरंतर प्रयास है कि युवा संगम में प्रतिष्ठित एवं बड़ी कम्पनियां शामिल हों, जिससे जिले के अधिक से अधिक युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार मिल सके।

यह बात कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने सोमवार को पीजी कॉलेज नरसिंहपुर में आयोजित युवा संगम कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित करते हुए कही। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने विभिन्न कम्पनियों में चयनित युवाओं को ऑफर लेटर प्रदान किए।

कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने कहा कि पहले युवाओं को नौकरी की तलाश में विभिन्न परेशानियों का सामना करना पड़ता था। युवा संगम के माध्यम से अब कम्पनियां सीधे युवाओं तक पहुंच रही हैं और उन्हें अपनी योग्यता साबित करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने पीथमपुर की एक औद्योगिक इकाई का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां के सीईओ ने छोटे स्तर से अपना कार्य शुरू किया था और आज वे उसी प्लांट के प्रमुख हैं। इससे यह सीख मिलती है कि मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है।

उन्होंने युवाओं से कहा कि वे ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करें और अच्छी कम्पनियों में काम करने के अवसरों का लाभ उठाएं। अच्छी नौकरी और बेहतर भविष्य के लिए कई बार अपने घर से बाहर निकलकर नए अवसरों को स्वीकार करना पड़ता है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि पीथमपुर सहित अन्य औद्योगिक क्षेत्रों की बड़ी-बड़ी कम्पनियां जिले में आएं और स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराएं।

नौकरी के साथ स्वरोजगार के लिए भी शासन दे रही सहायता

कलेक्टर श्रीमती सिंह ने कहा कि प्रत्येक युवा का लक्ष्य केवल नौकरी प्राप्त करना ही नहीं होना चाहिए, बल्कि अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुसार स्वयं का रोजगार स्थापित करने की दिशा में भी प्रयास करना चाहिए। जो युवा गांव में रहकर खेती-किसानी करना चाहते हैं, वे आधुनिक तकनीकों को अपनाकर अपनी आय बढ़ा सकते हैं। वहीं स्वयं का व्यवसाय शुरू करने के इच्छुक युवाओं के लिए शासन द्वारा विभिन्न स्वरोजगारमूलक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं के तहत स्वरोजगार स्थापित करने के लिए ऋण एवं अन्य सहायता उपलब्ध कराई जाती है।

उन्होंने युवाओं से कहा कि यदि उन्हें स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी नहीं है, तो वे युवा संगम जैसे कार्यक्रमों में शामिल हों तथा संबंधित विभागों से संपर्क कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि सफलता हासिल करने के बाद युवा स्वयं भी अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा बनें और अपने अनुभव साझा करें। उन्होंने युवाओं से अपनी योग्यता एवं कौशल को निखारने, उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने तथा अच्छे संस्थानों में बेहतर पदों पर कार्य कर जिले का नाम रोशन करने का आव्हान किया।

समाजसेवी श्री रामसनेही पाठक ने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक युवा को रोजगार मिले और उसका भविष्य उज्ज्वल बने। इसी उद्देश्य से जिला एवं ब्लॉक स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से अपने कौशल को विकसित करने, प्रतियोगिताओं में सहभागिता करने तथा बदलते समय के अनुरूप स्वयं को तैयार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और नई तकनीकों का है। युवाओं को एआई का उपयोग करते हुए अपने ज्ञान एवं कार्यक्षमता को लगातार अपडेट करना चाहिए। नई तकनीकों को सीखकर उनका उपयोग करने से युवाओं के लिए रोजगार एवं करियर के नए अवसर खुलेंगे। उन्होंने युवाओं से पूरी तैयारी, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आव्हान किया।

युवा संगम कार्यक्रम के दौरान विभिन्न कम्पनियों के द्वारा जिले के 99 युवाओं का चयन कर उन्हें ऑफर लेटर प्रदान किए गए। इनमें कौशल विकास केन्द्र जबलपुर के लिए 6, प्राकृतिक शील बायोटेक जबलपुर के द्वारा 14, पुखराज हेल्थ केयर जबलपुर के द्वारा 11, मदरसन सूमी प्रा.लि. अहमदाबाद- गुजरात के द्वारा 5, अंबूजा अनबाक्स प्रा.लि. अमरवाड़ा के द्वारा 8, पुष्कर एग्रोटेक प्रा.लि. जबलपुर के द्वारा 9, वर्धमान यांर्स मंडीदीप भोपाल के द्वारा 11, आमधनी प्रा.लि. भोपाल के द्वारा 13, क्वेस कार्प प्रा.लि. पुणे के द्वारा 7 और भारतीय जीवन बीमा निगम नरसिंहपुर के द्वारा 4 युवाओं को ऑफर लेटर प्रदान किए गए।

इस अवसर पर पीजी कॉलेज नरसिंहपुर के प्रभारी प्राचार्य व प्रोफेसर श्री अधिकेश राय, प्राचार्य पॉलीटेक्निक कॉलेज नरसिंहपुर डॉ. बीएल बघेल, जिला रोजगार अधिकारी श्री एसआर परासर सहित विभिन्न कम्पनियों के प्रतिनिधि, युवा और विद्यार्थी मौजूद थे।