हाथी साव सुपारी साव में मुख्यमंत्री डाॅ. यादव ने किया प्रदर्शनी का अवलोकन
मुख्यमंत्री ने स्थानीय उत्पादों का क्रय कर बुंदेली कला को सराहा -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज निवाड़ी जिले की पर्यटन एवं धार्मिक नगरी ओरछा के प्रवास के दौरान हाथी साव सुपारी साव परिसर में आयोजित विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों पर पहुंचकर बुन्देलखंड के इतिहास, संस्कृति, पारंपरिक खाद्य उत्पादों, औषधीय फसलों एवं स्थानीय कला से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी में शामिल सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री ने सबसे पहले प्रदर्शनी में प्रदर्शित मानचित्र का अवलोकन किया तथा सीतामढ़ी सहित क्षेत्र के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व के स्थलों के बारे में जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय जनजीवन, क्षेत्र की विशेषताओं एवं परंपराओं के संबंध में भी जानकारी ली।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने विभिन्न स्टॉलों पर प्रदर्शित स्थानीय खाद्य उत्पादों एवं पारंपरिक व्यंजनों को देखा। उन्होंने मोटे अनाज से तैयार खाद्य पदार्थों, तुलसी की खेती एवं उससे बनने वाली चाय, औषधीय फसलों तथा अन्य स्थानीय उत्पादों के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने इन उत्पादों के उपयोग, स्वास्थ्य लाभ एवं स्थानीय स्तर पर इनके उत्पादन की संभावनाओं के संबंध में भी रुचि दिखाई।
आयुष विभाग के स्टॉल पर मुख्यमंत्री ने विशेष रुचि लेते हुए औषधीय काढ़े के बारे में जानकारी ली तथा स्वयं काढ़े का सेवन भी किया। यह वही पारंपरिक आयुर्वेदिक काढ़ा है, जिसका उपयोग कोविड काल में आयुष विभाग द्वारा लोगों को पिलाने के लिए किया गया था। मुख्यमंत्री ने इसके औषधीय महत्व एवं उपयोगिता की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्टॉलों पर प्रदर्शित स्थानीय खाद्य उत्पादों का भी अवलोकन किया तथा कुछ उत्पाद अपने साथ लिए।
प्रदर्शनी में बुंदेली कला एवं चित्रकारी का प्रदर्शन कर रही बालिकाओं से मुख्यमंत्री ने संवाद किया। उन्होंने बालिकाओं द्वारा तैयार की गई पेंटिंग्स एवं डायरीओ का अवलोकन किया तथा उनकी कला एवं रचनात्मक प्रतिभा की सराहना की। मुख्यमंत्री ने उनकी बनाई हुई कुछ पेंटिंग्स स्वयं खरीदकर बालिकाओं को नगद 5-5हजार रूपये एवं डायरी खरीदकर 1-1 हजार की राशि प्रदान की तथा उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने स्थानीय कला एवं संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए बालिकाओं के प्रयासों की प्रशंसा की।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हाथी साव सुपारी साव परिसर में पौधारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक खानपान, औषधीय वनस्पतियों एवं बुंदेली कला को प्रदर्शनी के माध्यम से प्रस्तुत करने के प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश के सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण विभाग व निवाड़ी जिले के प्रभारी मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह, राज्यमंत्री, वन एवं पर्यावरण मध्यप्रदेश शासन श्री दिलीप अहिरवार, राज्यसभा सांसद श्री महेश केवट, विधायक, निवाड़ी श्री अनिल जैन, सांसद प्रतिनिधि श्री राजेश पटेरिया, पूर्व विधायक पृथ्वीपुर डॉ शिशुपाल यादव, संभागायुक्त, सागर संभाग श्री दिलीप कुमार, आईजी सागर श्री इरशाद वली, डीआईजी छतरपुर रेंज श्री विजय खत्री, कलेक्टर, श्रीमती जमुना भिड़े, पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया, सीईओ जिला पंचायत श्री रोहन सक्सेना अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।




