कटनी (27 अक्‍टूबर) – मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और बाल विवाह की रोकथाम के लिए कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के नेतृत्व में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मिशन शक्ति की हब फॉर इंपावरमेंट ऑफ वूमेन योजना के अंतर्गत शासकीय हाई स्कूल मझगवां, शासकीय प्राथमिक शाला बरगवां और शासकीय माध्यमिक शाला बिलहरी में जागरूकता सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री अब्दुल गफ्फार ने बताया कि कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न विषयों की जानकारी दी गई। इस दौरान मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने और समस्याओं के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण विकसित करने पर चर्चा की गई। वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक श्रीमती शैली तिवारी ने टेली मानस हेल्पलाइन नंबर 14416 की जानकारी देते हुए मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सहायता प्राप्त करने के बारे में बताया। कार्यक्रम में दहेज जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने का संदेश भी दिया गया। विद्यार्थियों को दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961 के प्रावधानों से अवगत कराया गया। साथ ही जिला विधिक सहायता अधिकारी, जो पदेन दहेज प्रतिषेध अधिकारी भी हैं, के संपर्क विवरण और दायित्वों की जानकारी दी गई। सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती शैलजा पाण्डेय ने बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाल विवाह से बच्चों की शिक्षा बाधित होती है और उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। बाल विवाह की जानकारी मिलने पर टोल फ्री चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचना देने की अपील की गई। साथ ही बताया गया कि सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विभागीय अधिकारियों ने विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।