जल जीवन मिशन ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के जीवन को आसान बनाने के साथ ही शिक्षा और महिला सशक्तीकरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण बदलाव ला रहा है। इसका उदाहरण बालाघाट विकासखंड की ग्राम पंचायत मोहगांव माल के ग्राम बरखों में देखने को मिल रहा है। यहां रहने वाली कक्षा 9वीं की छात्रा कामना बिसेन के जीवन में जल जीवन मिशन ने सकारात्मक बदलाव लाया है। पहले घर के लिए पानी जुटाने में समय बिताने वाली कामना अब अपनी पढ़ाई और होमवर्क के लिए पर्याप्त समय निकाल पा रही हैं।
पानी की व्यवस्था में बीत जाता था काफी समय
जल जीवन मिशन के तहत घर में नल कनेक्शन मिलने से पहले कामना को प्रतिदिन पानी की व्यवस्था करने में काफी समय लगाना पड़ता था। स्कूल जाने से पहले और स्कूल से लौटने के बाद दूर स्थित हैंडपंप या कुएं से पानी लाना उनकी दिनचर्या का हिस्सा था। पानी लाने में लगने वाले समय और शारीरिक थकान के कारण उनकी पढ़ाई भी प्रभावित होती थी। घर के कामों के बीच पढ़ाई के लिए पर्याप्त समय निकालना उनके लिए चुनौती बना हुआ था।
घर में नल से पानी पहुंचने पर मिली राहत
जल जीवन मिशन के तहत गांव में नल कनेक्शन उपलब्ध होने के बाद कामना और उनके परिवार की दिनचर्या में बड़ा बदलाव आया है। अब घर में ही पानी उपलब्ध होने से उन्हें पानी लाने के लिए बाहर नहीं जाना पड़ता। इससे उनके समय और मेहनत दोनों की बचत हो रही है। कामना बताती हैं कि अब घर में ही पानी मिलने से उन्हें काफी राहत मिली है। पहले पानी लाने में जो समय खर्च होता था, अब उसी समय का उपयोग वह अपनी पढ़ाई और होमवर्क पूरा करने में कर रही हैं। इससे उन्हें नियमित रूप से अध्ययन करने और स्कूल की पढ़ाई पर बेहतर ध्यान देने का अवसर मिल रहा है।
बेटियों की शिक्षा और सशक्तीकरण में मददगार
जल जीवन मिशन का प्रभाव केवल घरों तक नल से पानी पहुंचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे ग्रामीण परिवारों की दिनचर्या में भी सकारात्मक बदलाव आ रहा है। विशेषकर बालिकाओं को पानी लाने की जिम्मेदारी से राहत मिलने पर वे अपनी शिक्षा और अन्य गतिविधियों के लिए अधिक समय दे पा रही हैं। ग्राम बरखों की कामना बिसेन की कहानी इस बदलाव को दर्शाती है। घर में नल से पानी मिलने के कारण अब वह अपनी पढ़ाई पर अधिक ध्यान केंद्रित कर पा रही हैं और अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए मेहनत कर रही हैं।
जल जीवन मिशन का उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक नल से सुरक्षित पेयजल पहुंचाना है। कामना के जीवन में आया बदलाव बताता है कि घर तक पानी पहुंचने से समय की बचत, सुविधा और शिक्षा के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकते हैं। इस तरह जल जीवन मिशन ग्रामीण क्षेत्रों में जीवन की गुणवत्ता सुधारने के साथ ही बेटियों के सपनों को साकार करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।







