जल संरक्षण और ग्रामीण विकास की दिशा में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के अमृत सरोवर अभियान ने आगर-मालवा जिले में एक नई कहानी लिखी है। जिले के सुसनेर ब्लॉक के सुदूर ग्राम गरड़ा में निर्मित अमृत सरोवर तालाब आज केवल एक जलाशय नहीं, बल्कि किसानों की खुशहाली और गांव की समृद्धि का आधार बन गया है।
कुछ समय पहले तक गरड़ा गांव में जल संकट एक बड़ी चुनौती थी। वर्षा का जल तेजी से बह जाता था, भू-जल स्तर लगातार गिर रहा था और रबी की फसल के लिए किसानों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता था। इसी समस्या के समाधान के लिए जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) एवं अन्य योजनाओं के अभिसरण से अमृत सरोवर तालाब का निर्माण कार्य कराया गया।
आज यह अमृत सरोवर अपनी पूरी क्षमता के साथ लबालब भरा हुआ है। विशाल जलराशि को देखकर ग्रामीणों के चेहरे पर संतोष है। इस तालाब के बनने से कई प्रत्यक्ष लाभ गांव को मिले हैं।
तालाब में जल भराव से आसपास के कुओं और नलकूपों के जल स्तर में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
अब किसान रबी और जायद की फसल के लिए भी पर्याप्त पानी उपलब्ध होने से दोहरी फसल ले पा रहे हैं, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो रही है।
गांव के पशुओं के लिए वर्ष भर पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित हुई है।
तालाब निर्माण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों को मनरेगा के तहत रोजगार प्राप्त हुआ।
तालाब के कैचमेंट एरिया में हरियाली बढ़ी है तथा जैव विविधता को भी लाभ मिला है।
हाल ही में कलेक्टर डॉ शेर सिंह मीना एवं जिला पंचायत सीईओ श्री बीएस सोलंकी ने गरड़ा अमृत सरोवर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने तालाब की गुणवत्ता, जल भराव क्षमता और इसके रखरखाव की सराहना की तथा ग्रामीणों से संवाद कर इसके लाभों की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि इस तालाब ने उनके गांव की तस्वीर बदल दी है।
ग्राम गरड़ा के ग्रामीणों का कहना है कि अमृत सरोवर ने उनके लिए अमृत के समान कार्य किया है। यह तालाब आने वाले कई वर्षों तक गांव की जल जरूरतों को पूरा करता रहेगा। निश्चित ही गरड़ा का अमृत सरोवर जिले के अन्य क्षेत्रों,गांवों के लिए जल संरक्षण का एक प्रेरणादायक मॉडल बन गया है।







