मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत नगर परिषद प्रांगण, नरवर में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर के दौरान ‘उद्यम संवाद’ कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसका मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में निवेश, स्वरोजगार तथा औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम करैरा विधायक श्री रमेश प्रसाद खटीक, पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया एवं जिला पंचायत सीईओ श्री विजय राज की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। विकास को मिलेगी नई दिशा: विधायक करैरा विधायक श्री रमेश प्रसाद खटीक ने नागरिकों व युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं का मुख्य उद्देश्य उद्योगों को गति देना है। उन्होंने कहा कि नरवर क्षेत्र में कृषि, प्रसंस्करण और कुटीर उद्योगों की अपार संभावनाएं हैं। प्रशासनिक स्तर पर पात्र हितग्राहियों को पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से बैंकों से ऋण और सब्सिडी प्रदान की जा रही है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों से भी नए व सफल उद्यमियों के प्रेरक उदाहरण सामने आ सकें। इसके साथ ही उन्होंने उद्योग विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्योग स्थापित करने के इच्छुक पात्र हितग्राहियों को हर संभव सहायता और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए। 'उद्यम संवाद' के दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित सफल हितग्राहियों ने अपने आत्मनिर्भरता के अनुभव साझा किए। 'मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना' के तहत जयवीर रावत तथा नरेंद्र रावत ने 4 लाख 40 हजार का ऋण प्रत्येक ने प्राप्त कर अपनी-अपनी फर्टिलाइजर दुकानें स्थापित की हैं, जिनमें जयवीर रावत ने अन्य 2-3 लोगों को रोजगार भी दिया है। इसी योजना से उमा गौर ने ₹1,20,000 का लोन लेकर अपना बुटीक शुरू किया। वहीं, अंकित महेश्वरी ने 'पीएमईजीपी' योजना के तहत ₹25 लाख का ऋण प्राप्त कर मूंगफली प्रसंस्करण उद्योग स्थापित किया है। आजीविका मिशन से जुड़कर श्रीमती सरोज कुशवाहा डेयरी व मिल्क प्रोडक्शन के माध्यम से स्वरोजगार प्रदान कर रही हैं, जबकि भीकम सिंह कुशवाहा ने 'पीएम स्वनिधि योजना' से ₹50,000 का ऋण लेकर अपने बेटे के लिए नया काम शुरू करवाया है। शिविर में हितग्राहियों को मिला ऋण, स्वरोजगार की ओर बढ़ते कदम कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए ऋण स्वीकृत किए गए, जिससे वे अपने सपनों को साकार कर सकें। जिसमें श्री जुगल किशोर झा को बाइक रिपेयरिंग एवं ऑटो पार्ट्स के लिए 1 लाख रुपए, श्री शिशुपाल सिंह बघेल को किराना दुकान संचालन हेतु 50 हजार रुपए, तथा श्री अभिषेक जैन को जनरल स्टोर के संचालन के लिए 5 लाख रुपए का ऋण प्रदान किया गया है। इन युवाओं को ऋण मिलने से उन्हें अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। शिविर में नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती पद्मा माहेश्वरी, अपर कलेक्टर श्री दिनेश चंद्र शुक्ला, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक श्री अजय तिवारी सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
रोजगार
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान: नरवर में उद्यम संवाद शिविर का आयोजन, हितग्राहियों ने साझा की सफलता की कहानियां
शिवपुरी · 23 अक्टूबर 2026 · 4 मिनट
खास बातें
- कार्यक्रम करैरा विधायक श्री रमेश प्रसाद खटीक, पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया एवं जिला पंचायत सीईओ श्री विजय राज की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।
- 'उद्यम संवाद' के दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित सफल हितग्राहियों ने अपने आत्मनिर्भरता के अनुभव साझा किए।
- वहीं, अंकित महेश्वरी ने 'पीएमईजीपी' योजना के तहत ₹25 लाख का ऋण प्राप्त कर मूंगफली प्रसंस्करण उद्योग स्थापित किया है।

