हम सभी के घरों में ऐसी अनेक वस्तुएं होती हैं, जिनकी हमें अब आवश्यकता नहीं होती, लेकिन वही वस्तुएं किसी जरूरतमंद के लिए अनमोल उपहार बन सकती हैं। आपके घर में रखे अतिरिक्त कपड़े, जूते-चप्पल, पुस्तकें, कॉपियाँ, पेन-पेंसिल, बिस्तर, घड़ी, चूड़ियाँ, बिंदी एवं अन्य श्रृंगार सामग्री किसी के चेहरे पर मुस्कान ला सकती हैं।
विगत 4 दिसंबर 2016 से निरंतर संचालित आनंदम (दुआओं का घर), मंडला जरूरतमंदों के लिए आशा और सहयोग का केंद्र बना हुआ है। यहाँ दूरस्थ ग्रामीण अंचलों से आने वाले ग्रामीणों, मजदूरों तथा न्यायालयीन एवं अन्य कार्यों से मंडला पहुंचने वाले जरूरतमंदों को उपयोगी वस्तुएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं।
21 अक्टूबर 2026 को आनंदम के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण होने जा रहा है। इस शुभ अवसर पर आप सभी से विनम्र अपील है कि दीपावली की खुशियों को जरूरतमंदों के साथ साझा करें। आमजन से अनुरोध है कि अपनी आवश्यकता से अधिक, अच्छी स्थिति में मौजूद उपयोगी वस्तुएं आनंदम (दुआओं का घर), मंडला में अवश्य पहुंचाएं। आपकी दी हुई वस्तु किसी जरूरतमंद के लिए नई उम्मीद, किसी बच्चे के लिए पढ़ाई का सहारा और किसी परिवार के लिए खुशियों की वजह बन सकती है।
याद रखिए, जिस वस्तु का आपके लिए अब उपयोग नहीं, वह किसी दूसरे के लिए बेहद कीमती हो सकती है। आइए, इस दीपावली केवल अपने घर ही नहीं, दूसरों के जीवन में भी खुशियों के दीप जलाएं। वस्तुओं का दान करें, जरूरतमंदों की मदद करें और उनके चेहरों पर खिलती मुस्कान का आनंद अनुभव करें। आपका छोटा-सा सहयोग, किसी जरूरतमंद के जीवन में बड़ी खुशी ला सकता है।







