लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह मंगलवार को गौरीघाट स्थित श्री सिद्ध शक्तिपीठ कालीधाम, कालीघाट भटौली में पूज्य संत श्री कालिकानंद जी महाराज के षोडशी महोत्सव एवं श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने महाराज जी के श्रीचरणों में श्रद्धासुमन अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा महामंडलेश्वर श्री आत्मानंद गिरि जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंत्री श्री सिंह ने कहा कि माँ नर्मदा के पावन तट और महर्षि जाबालि की तपोभूमि पर संतों का सान्निध्य एवं आशीर्वाद सदैव मिलता रहा है। पूज्य कालिकानंद जी महाराज का मुस्कुराता हुआ, स्नेह और आशीर्वाद प्रदान करने वाला व्यक्तित्व आज हमारे बीच नहीं है, जिसकी कमी सदैव महसूस होगी।
उन्होंने कहा कि संतों का जीवन कभी समाप्त नहीं होता। उनके विचार, संस्कार और आशीर्वाद सदैव समाज का मार्गदर्शन करते रहते हैं। पूज्य महाराज जी का व्यक्तित्व सदैव परोपकार और देने की भावना से परिपूर्ण था। वर्षों तक उनका स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य मिला। उन्होंने कभी अपनी शारीरिक पीड़ा या कष्टों की चर्चा नहीं की। वे हमेशा ही कहते थे कि खुश रहो और प्रसन्नता से जीवन जीओ।
मंत्री श्री सिंह ने भावुक होते हुए बताया कि महाराज जी ने अपनी डायरी में अंतिम समय में भी यही संदेश लिखा था, सदा खुश रहो, जीवन सदैव प्रसन्नता के साथ व्यतीत करो। उन्होंने कहा कि ऐसे संत महापुरुष भले ही आज सशरीर हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी स्मृतियां, विचार और दिव्य आशीर्वाद आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करते रहेंगे।
श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में संतजन, विधायक श्री अशोक रोहाणी, जबलपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संदीप जैन, नगर निगम अध्यक्ष श्री रिंकुंज विज, भाजपा नगर अध्यक्ष श्री रत्नेश सोनकर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।







