दीपावली का पर्व खुशियां बांटने, अपनों के साथ समय बिताने और खुशियों का प्रकाश लाने का संदेश देता है। इसी भावना के साथ शनिवार शाम कलेक्टर श्री विवेक कुमार डाकवाड़ी स्थित रैन बसेरा पहुंचे। कलेक्टर श्री कुमार ने बुजुर्गों से आत्मीय संवाद कर उनका हालचाल जाना तथा रैन बसेरे में मिल रही सुविधाओं, भोजन व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने बुजुर्गों के साथ फुलझड़ियां जलाकर खुशियां मनाई, मिठाई और शॉल, श्रीफल एवं फल भेंटकर सम्मान किया। इस दौरान बुजुर्गों के चेहरों पर खुशियां देखने को मिलीं।

बुजुर्गों द्वारा रैन बसेरे में टीवी के सम्बन्ध में बात रखी गई, जिस पर कलेक्टर श्री कुमार ने संबंधित अधिकारी को टीवी लगाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने बुजुर्गों को अपना मोबाइल नंबर देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं। इस दौरान कलेक्टर श्री विवेक कुमार ने रैन बसेरा का निरीक्षण भी किया। आगामी ठंड के मौसम को ध्यान में रखते हुए उन्होंने वहां पर्याप्त गद्दे, गर्म कंबल, साफ-सफाई एवं शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।